अल्मोड़ा: मेधावी छात्रों को सम्मानित करने पहुंचे भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक
अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र में मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक द्वारा लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में, आज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तलाड़ (अल्मोड़ा) में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यहाँ उन छात्रों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपनी मेहनत से बोर्ड परीक्षा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन किया है।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई, जिसने समारोह में रौनक भर दी। इसके बाद, बिट्टू कर्नाटक ने खुद बोर्ड परीक्षा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रतीक चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में कर्नाटक ने छात्रों को सलाह दी कि उन्हें अपना लक्ष्य तय करके मेहनत से पढ़ाई करनी चाहिए।उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यायाम, खेलकूद और मनोरंजन से शरीर को स्वस्थ रखने की सलाह दी। साथ ही, समाज में फैल रहे नशे और गलत रास्तों से दूर रहकर खुद को एक आदर्श नागरिक बनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदयराज विक्रम साह ने श्री बिट्टू कर्नाटक का स्वागत किया।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व सैनिक हयातसिंह बिष्ट, रमेश चंद्र जोशी, देवेंद्र कर्नाटक, प्रकाश मेहता, निखिल तिवारी, आशा मेहता आदि सहित विद्यालय के शिक्षक भोपाल प्रसाद कोहली, खुशालसिंह मेहर, हेमा बिष्ट, नयनतारा, जानकी बिष्ट तथा समस्त कर्मचारी और अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रश्मि काण्डपाल ने किया।