गुमशुदगी से गिरफ्तारी तक…, सोनम की पहली तस्वीर ने सबको चौंकाया
इंदौर का कपल राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी जब से गायब हुआ था तब से ये केस लगातार चर्चा में रहा। लेकिन अब मामला पूरी तरह सोनम के इर्दगिर्द घूमने लगा है। पति राजा की लाश मिलने के बाद से ही सोनम फरार थी। अब उसे गाजीपुर से पकड़ लिया गया है।
सोनम की गिरफ्तारी के बाद उसकी पहली तस्वीर भी सामने आई है। वह कुर्सी पर बैठी है। होश में नहीं लग रही। काले कपड़े पहने हुए है। चेहरा पीला पड़ चुका है। बाल भी बिखरे हैं।
इस केस में पहले पुलिस जिस दिशा में जांच कर रही थी। सोनम के पकड़े जाने के बाद पूरा एंगल ही बदल गया है। मेघालय पुलिस का दावा है कि सोनम ने ही अपने पति की हत्या करवाई। इसके लिए उसने मध्य प्रदेश से तीन लोगों को मेघालय बुलाया था। इन्हीं लोगों ने राजा रघुवंशी की हत्या कर दी।
सोनम और राजा 23 मई से लापता थे। तभी से तलाशी जारी थी। करीब 15 दिन की मशक्कत के बाद पुलिस ने सोनम और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है। बताया गया है कि सोनम ने खुद यूपी के नंदगंज थाने में जाकर आत्मसमर्पण किया। फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
राजा का शव 2 जून को बरामद हुआ था। हालत बेहद खराब थी। शव के पास से खून से सना चाकू मिला। एक रेनकोट और सफेद टीशर्ट भी बरामद की गई।
सोनम के घरवालों ने पहले ये आरोप लगाया था कि पुलिस ठीक से खोजबीन नहीं कर रही। लेकिन अब पुलिस का दावा है कि मामला पूरी तरह से सुलझाया जा चुका है। एक आरोपी यूपी से पकड़ा गया है। दो आरोपी इंदौर से गिरफ्तार किए गए।
पूछताछ में यह बात सामने आई कि सोनम ने ही इन तीनों को हायर किया था। राजा की हत्या के पीछे पूरा प्लान उसी का था।
पुलिस अभी भी बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है। मेघालय पुलिस की एसआईटी लगातार मध्य प्रदेश में दबिश दे रही है।
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने इस केस को सुलझाने के लिए पुलिस को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि राजा हत्याकांड में पुलिस ने सात दिन के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। तीन हमलावर गिरफ्तार हो चुके हैं। महिला ने आत्मसमर्पण कर दिया है। बाकी की तलाश अभी जारी है।