घर को दिया मस्जिद का रूप और नमाज पढ़ने के लिए भी बनाई जगह, अब प्रशासन ने किया सील
उत्तर प्रदेश के बदायूं के ककराला में घर को मस्जिद का रूप दिए जाने का एक मामला सामने आ रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम सदर और सीओ दातागंज मौके पर पहुंच गए। जानकारी करने के बाद विवादित स्थल को सील कर ताले लगा दिए गए हैं।
इस मामले में पुलिस पूछताछ कर रही है और व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर लिया है। ककराला के वार्ड नंबर 19 में मस्जिद का गुपचुप अवैध रूप से निर्माण करने का मामला सामने आया है।
इस मस्जिद का निर्माण वार्ड नंबर चार निवासी डॉक्टर मुंतज़िर पुत्र नविदाद ने कराया है उसका कहना है कि उसकी मां नसीम बानो की इच्छा थी कि अपनी जमीन पर एक मस्जिद बनाई जाए जिसके चलते इस मस्जिद का निर्माण 2020 में शुरू किया गया था फरवरी में यह बनकर तैयार हुआ था। लोगों को इस बारे में जानकारी तब हुई जब मस्जिद का बोर्ड लगा हुआ यहां देखा।
मस्जिद का निर्माण नसीम बानो के सामने शुरू हुआ था जिसके बाद उनका इंतकाल हो गया। वहीं अवैध तरीके से मस्जिद बनाए जाने की जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर मोहित कुमार और सीओ दातागंज केके तिवारी, एसओ उदयवीर सिंह के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों से जानकारी हासिल की। एसडीएम सादर के आदेश पर पुलिस ने मस्जिद को ताले लगवाकर सील कर दिया।
इस मामले में पूछताछ करने के लिए पुलिस डॉक्टर मुंतज़िर को थाने ले गई बताया जा रहा है कि एक घर में सामूहिक रूप से नमाज पढ़ी जा रही है। जब मौके पर जाकर देखा तो पाया कि घर को मस्जिद का स्वरूप दिया गया था और नमाज पढ़ने के लिए काफी जगह बनी थी। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई। अभी तक निर्माण कराने वाला व्यक्ति कोई वैध कागजात भी नहीं दिखा पाया है। मामले की जांच चल रही है।