लाखों के गहने, 9 लाख कैश और एक खतरनाक साजिश! राजा की हत्या का राज खोल रही है सोनम
इंदौर का एक नवविवाहित जोड़ा हनीमून मनाने शिलांग गया था। लेकिन अब जो खबर सामने आई है, उसने सभी को हैरान कर दिया है। इंदौर के राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम अब उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मिली है। सोनम को नंदगंज थाना इलाके के एक ढाबे पर देखा गया, जहां से पुलिस ने उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है।
इस मामले ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। सूत्रों से जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक सोनम ने ही अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या करवाई है। गौर करने वाली बात ये भी है कि सोनम जब हनीमून पर गई थी, तब वो अपने सारे गहने साथ लेकर गई थी। उसने घरवालों से कहा था कि फोटोशूट कराएगी। लेकिन कोई भी महिला हनीमून पर सारे गहने लेकर क्यों जाएगी, ये सवाल अब खड़ा हो गया है।
राजा की गुमशुदगी के बाद से ही परिवार लगातार मेघालय सरकार पर सवाल उठा रहा था। इस मामले में मुख्यमंत्री मोहन यादव को भी पत्र लिखा गया था। मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सीबीआई जांच की सिफारिश भी की थी। लेकिन जांच शुरू होती, उससे पहले ही सोनम उत्तर प्रदेश में मिल गई।
घटना वाले दिन यानी 23 मई को मावलखियात के गाइड अल्बर्ट पीडी ने बताया था कि उन्होंने सुबह करीब दस बजे राजा और सोनम को तीन पुरुष पर्यटकों के साथ देखा था। ये लोग नोंग्रियात से मावलखियात तक की तीन हजार से ज्यादा सीढ़ियां चढ़ रहे थे। गाइड के मुताबिक उसने एक दिन पहले इनसे अपनी सेवाएं देने की पेशकश की थी। लेकिन इन्होंने किसी और को गाइड रख लिया था। चारों पुरुष आगे थे और महिला पीछे। चारों हिंदी में बात कर रहे थे, लेकिन गाइड को उनकी बातें समझ नहीं आईं क्योंकि वो सिर्फ खासी और अंग्रेजी बोलता है।
अब सोनम पुलिस की हिरासत में है। उससे पूछताछ हो रही है। जो भी हुआ, उसकी सच्चाई अब वही बताएगी। साथ ही ये भी सामने आया है कि सोनम ने हनीमून पर जाने से पहले अपने बैंक खाते से नौ लाख रुपये निकाले थे। ये सब बातें अब इस पूरे मामले को हत्या की गहरी साजिश की तरफ ले जा रही हैं।