शादी के पांच दिन बाद ही सोनम ने रच डाली खौफनाक साजिश, राज से बोली- विधवा बनकर करूंगी तुमसे निकाह
राजा रघुवंशी मर्डर केस में हर दिन कुछ ऐसा खुल रहा है जो सबको हैरान कर रहा है। मामला अब और भी गहराता जा रहा है। पुलिस ने इस केस की मास्टरमाइंड मानी जा रही पत्नी सोनम रघुवंशी को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही चार और लोगों को भी अरेस्ट किया गया है। पुलिस का कहना है कि सोनम ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर पूरे प्लान को अंजाम दिया।
शादी के सिर्फ पांच दिन बाद ही उसने अपने पति को मारने की स्क्रिप्ट बना ली थी। सोनम और राजा की शादी ग्यारह मई को हुई थी। घर में खुशी का माहौल था। सब कुछ ठीक लग रहा था। लेकिन सोलह मई को सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा से कहा कि राजा को खत्म कर देते हैं। कोई लूट जैसी कहानी बना देंगे। फिर मैं विधवा बन जाऊंगी। और पापा भी हमारी शादी के लिए मान जाएंगे।
पुलिस ने जो जानकारी दी है उसके मुताबिक राजा को जिस कुल्हाड़ी से मारा गया वो ऑनलाइन मंगाई गई थी। हथियार गुवाहाटी से ऑर्डर किया गया था। हत्या से ठीक पहले आरोपी सोनम के होमस्टे से सिर्फ एक किलोमीटर दूर होटल में रुके थे। सोनम उन्हें लगातार लोकेशन भेज रही थी। राजा को मारने के लिए पचास हजार की सुपारी दी गई थी।
तेईस मई को राजा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद सोनम सीधे शिलांग से गुवाहाटी पहुंची। वहां से ट्रेन पकड़ी और वाराणसी होते हुए गाजीपुर निकल गई। पुलिस को चकमा देने के लिए उसने अपने मोबाइल तोड़ दिए ताकि ट्रैकिंग न हो सके। जांच के दौरान सोनम की फुटेज मिली जिसमें वो हत्यारों से बात करती दिख रही है। फिर पुलिस ने कॉल डिटेल और लोकेशन के जरिए राज कुशवाहा को इंदौर से पकड़ लिया। जैसे ही सोनम को यह बात पता चली तो उसने समझ लिया कि अब सब कुछ खत्म हो गया है। फिर वह यूपी के एक ढाबे में जाकर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।
राजा और सोनम की मुलाकात एक मेट्रोमोनियल साइट के जरिए हुई थी। शादी के बाद दोनों मेघालय के शिलांग घूमने गए थे। लेकिन इसी ट्रिप के दौरान सोनम ने पति को मौत के घाट उतार दिया। उसकी लाश एक खाई से बरामद हुई। पुलिस को इस केस को सुलझाने में पूरे सत्रह दिन लगे। पूछताछ में साफ हुआ कि सोनम के इस खूनी खेल में राज कुशवाहा पूरी तरह से शामिल था। उसी ने हत्यारे तय किए और सबकुछ प्लान किया।