Uttarakhand Weather : उत्तराखंड मैदानी क्षेत्रों में बढ़ी गर्मी, पहाड़ों पर छाए बादल, आज हो सकती है बारिश
उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में कड़ी धूप होने की वजह से गर्मी बढ़ गई है और दोपहर में गर्म हवा भी बेहाल कर रही है। दून समेत ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।
मौसम विभाग का कहना है कि आज पर्वतीय क्षेत्र में आंशिक बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
बताया जा रहा है कि देहरादून समेत आसपास के क्षेत्र में सुबह से ही मौसम शुष्क है और चटख धूप खिली हुई है जिसकी वजह से तपिश बढ़ गई है।
ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में गर्म हवाओं से भी लोग परेशान हो रहे हैं। लगातार चौथे दिन भी तापमान 37 डिग्री सेल्सियस ही रहा कई क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 38 के पार पहुंच गया है।
मैदानी इलाकों में पारा सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में भी गर्मी बढ़ने लगी है। हालांकि, ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह-शाम ठंडक बनी हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, आज उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ समेत आसपास के क्षेत्रों में हल्की वर्षा के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में मौैसम शुष्क रहने से लेकर कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडरा सकते हैं। तापमान सामान्य से अधिक बना रह सकता है।