बाल्मीकि कालोनी में समस्याओं को लेकर सीमांत यूथ मोर्चा ने किया प्रदर्शन

15 दिन में समस्या हल ना होने पर आंदोलन की दी चेतावनी कालोनी में सफाई, शौचालय, रास्तों व लाइट की समस्याएं खोल रहीं स्वच्छ भारत…

15 दिन में समस्या हल ना होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
कालोनी में सफाई, शौचालय, रास्तों व लाइट की समस्याएं खोल रहीं स्वच्छ भारत अभियान की पोल

पिथौरागढ़। बाल्मिकी कॉलोनी में विभिन्न समस्याओं को लेकर सीमांत यूथ मोर्चा ने सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस मौके पर आयोजित सभा में कार्यकर्ताओं ने कहा कि शौचालय न होने से महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होने इस समस्या को अपने आत्मसम्मान के साथ खिलवाड़ बताया। शनिवार को सीमांत यूथ मोर्चा के नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में युवा नया बाजार वार्ड में एकत्रित हुए और प्रदेश सरकार तथा जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। मुकेश कुमार ने कहा कि धर्मशाला लाइन की वाल्मीकि कॉलोनी में रह रहे पर्यावरण मित्रों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। कॉलोनी में टूटे शौचालय, खुले चैंबर और बंद पड़ी नालियां, कूड़े के ढेर, खराब रास्ते और पोल लाइट स्वच्छ भारत अभियान की पोल खोल रहे हैं। महिलाओं को शौचालयों के टूटे दरवाजों की वजह से सुबह एकदम अंधेरे में शौच के लिए जाना पड़ रहा है। उन्होंने 15 दिन में समस्याएं दूर न होने पर पर्यावरण मित्रों के साथ अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शन में विनय भाटिया, विनोद बिष्ट, सुरेश जोशी, कैलाश कठायत, अजय लोहिया, गौतम लोहनी, गुलाम कुमार व शहनवाज खान आदि शामिल थे। सीमांत यूथ मोर्चा ने 15 दिनों के भीतर शौचालय नहीं बनाये जाने पर कलक्ट्रेट स्थित अधिसूचित क्षेत्र में धरना शुरू करने की चेतावनी दी है।